भगवत्स्मरणानन्तर शास्त्रीय विधान, कर दर्शन का है।
कराग्रे वसते लक्ष्मी करमध्ये सरस्वती।
करमूले तु गोविन्दः प्रभाते करदर्शनम्॥
अर्थात्—हाथ के अग्रभाग में लक्ष्मी का निवास है, हाथ के मध्य भाग में सरस्वती रहती है और हाथ के मूलभाग में गोविंद भगवान् रहते हैं इसलिए प्रातःकाल कर का दर्शन करना चाहिए।
उपर्युक्त श्लोक बोलते हुए अपने हाथों को देखना चाहिए। यह शास्त्रीय विधान बड़ा ही अर्थपूर्ण है। इससे मनुष्य के हृदय में आत्म-निर्भरता और स्वावलम्ब की भावना का उदय होता है। वह जीवन के प्रत्येक कार्य में दूसरों की तरफ न देखकर, अन्य लोगों के भरोसे न रहकर—अपने हाथों की तरफ ही देखने का अभ्यासी बन जाता है। संसार में मनुष्य, जो कुछ भी भला या बुरा कार्य करता है, हाथ से ही करता है। यह हाथ ही—धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष की कुंजी है। मूल श्लोक में बतलाया गया है कि मानव जीवन की सफलता के लिए संसार में तीन वस्तुओं की आवश्यकता है, धन, ज्ञान, ईश्वर। इनमें से एक के बिना भी जीवन अधूरा है। यह तीनों लक्ष्यभूत वस्तुएँ, हमारे हाथ, जो कि कर्म का प्रतीक है, में निवास करती हैं, अर्थात् अपने हाथों द्वारा शुभाशुभ कार्य करके हम इन वस्तुओं को प्राप्त कर सक्ते हैं। इसलिए करतल अवलोकन करते हुए श्लोक पठित भावना को आत्मसात् करना चाहिए और अनुभव करना चाहिये कि मैं अपने जीवन में सफल व्यक्ति हूँगा, मैं किसी के सहारे न रहकर अपने हाथों के ऊपर निर्भर रहूँगा, इनसे परिश्रम करके मैं दरिद्रता व मूर्खता को परास्त करूँगा, और अन्त में गोविन्द को प्राप्त कर जीवन्मुक्त हूँगा।